वायु प्रदूषण खत्म करने प्रदेश को भी मिले 150 करोड़
भोपाल
आम बजट से मध्यप्रदेश को ढेर सारी उम्मीदें थीं। लेकिन इस बार कुछ नई घोषणाएं नहीं हुई हैं। केंद्र सरकार ने इस बजट में देश के 42 शहरों में वायु प्रदूषण के खत्म करने के लिए 2217 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उसका लाभ एमपी के 4 बड़े शहरों को भी मिलेगा। इन शहरों की आबादी 10 लाख से ज्यादा है। इनमें भोपाल, ग्वालियर, इंदौर और जबलपुर शामिल है।
केंद्रीय बजट से वायु प्रदूषण खत्म करने लिए एमपी को भी 150 करोड़ रुपया मिलेगा। ये 150 करोड़ रुपये इन चार शहरों में खर्च होंगे। भोपाल को 44 करोड़, इंदौर को 50.5 करोड़, ग्वालियर को 25.5 करोड़ और जबलपुर को 29.5 करोड़ रुपये मिलेगा। जानकारों के अनुसार बड़ी आबादी वाले चार महानगरों को प्रॉयरिटी के आधार पर फंड मिलेगा।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर भी मिला
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण के दौरान इटारसी और विजयवाड़ा के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की घोषणा की है। रेलवे ने इसे जून 2022 तक चालू करने का लक्ष्य रखा है। इससे एमपी के किसानों, उद्योगपतियों और व्यवसायियों को जबरदस्त फायदा होगा। यह फ्रेट कॉरिडोर भोपाल मंडल के इटारसी से होकर गुजरेगा।
एकलव्य स्कूल का भी मिलेगा लाभ
इसके साथ ही केंद्र सरकार ने जनजातीय इलाकों में एकलव्य स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश के करीब 25 जिलों के 89 विकासखंड जनजातीय क्षेत्रों में आते हैं। ऐसे में इन जिलों को इसका लाभ मिल सकता है। एक स्कूल को खोलने पर केंद्र सरकार 38 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

पाठको की राय